Saturday, January 1, 2011

रंग ला रहा है स्तनपान अभियान

अनिल गुलाटी,04 अगस्त 2008, इंडो-एशियन न्यूज सर्विस

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में रामकृष्णपुर ग्राम पंचायत में स्तन पान को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रामकृष्णपुर में नवजात की सुरक्षा के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

गांव में रेहाना बीबी नाम की एक महिला को स्तन पान अभियान का ब्रांड एम्बैसेडर नियुक्त किया गया है। दरअसल, गांव में नवजात के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए यह कदम उठाया गया है। रेहाना के छह माह के बच्चे का वजन सामान्य से अधिक है। वे अपने बच्चों को छह माह तक स्तनपान करवाती आई हैं।

गांव की आंगनवाड़ी सेविका रोशनआरा बेगम स्तन पान को लेकर रेहाना का मार्गदर्शन कर रही है। रोशनआरा का प्रयास गांव में रंग ला रहा है। गांव की महिलाएं अब अपने नवजात को आवश्यक रूप से स्तनपान करा रही हैं।

रोशनआरा ने कहा कि स्तनपान को लेकर ग्रामीण महिलाओं को जागरूक बनाना कोई आसान काम नहीं था। उन्होंने कहा कि प्रारंभ में महिलाओं को इसके लिए जागरूक करना आसान नहीं था, लेकिन अब महिलाएं इसका महत्व समझ गई हैं।


एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) योजना की महिला पर्यवेक्षक सुप्रिती दास ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में स्तनपान को लेकर कई प्रकार की गलत धारणाएं महिलाओं के दिमाग में घर बनाए हुए थीं। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी सेविकाएं महिलाओं को इस संबंध में जागरूक बनाने का प्रयास कर रही हैं।

गौरतलब है कि बाल मृत्यु के पीछे स्तन पान नहीं कराना भी एक कारण है। रामकृष्णपुर ग्राम पंचायत में अब महिलाएं इस संबंध में जागरूक हो गई हैं। रेहाना अब महिलाओं को जागरूक बनाने के लिए कमर कस चुकी हैं। वे स्थानीय भाषा में महिलाओं को इस संबंध में जानकारी मुहैया करा रही है।

अगस्त के पहले सप्ताह को ‘विश्व स्तनपान सप्ताह’ के तौर मनाया जा रहा है, जिसके तहत स्तनपान के प्रति महिलाओं को जागरूक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment